
नेपाल : नेपाल सरकार ने भारत से सड़क मार्ग के जरिए आने वाले पर्यटकों के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब भारतीय वाहन चालकों को नेपाल सीमा पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कस्टम विभाग ने विदेशी वाहनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और परमिट प्रणाली लागू कर दी है, जिससे यात्रा प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी।
इस नई सेवा का उद्घाटन नेपाल के वित्त मंत्री Swarnim Wagle ने 6 मई 2026 को किया। नई व्यवस्था के तहत पर्यटक घर बैठे अपने वाहन का पूरा विवरण कस्टम विभाग की वेबसाइट पर दर्ज कर सकेंगे और टैक्स का भुगतान भी ऑनलाइन कर पाएंगे।
सीमा पर जाम से मिलेगी राहत
पहले भारतीय पर्यटकों को अस्थायी वाहन परमिट लेने के लिए कस्टम चेकपोस्ट पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। इससे सीमा क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। अब ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अगर यात्रा के दौरान वाहन परमिट की समय सीमा खत्म हो जाती है, तो पर्यटक नेपाल के भीतर से ही अपने पास को ऑनलाइन रिन्यू करा सकेंगे। इसके लिए कस्टम विभाग की वेबसाइट पर जाकर ‘अस्थायी वाहन आयात’ विकल्प चुनना होगा। सभी जानकारी भरने के बाद यात्रियों को एक विशेष क्यूआर कोड जारी किया जाएगा।
नेपाल में प्रवेश और सुरक्षा जांच के दौरान इसी क्यूआर कोड को दिखाना अनिवार्य होगा। सरकार का कहना है कि यह डिजिटल प्रणाली पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमा प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।









