मैनपुरी में रेलवे फाटक न खोलने पर गेटमैन से मारपीट

मैनपुरी में गेटमैन से मारपीट का मामला

फाटक न खोलने पर पिस्टल दिखाकर धमकी

खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताने का आरोप

मैनपुरी। जिले में रेलवे फाटक न खोलने पर दबंगों द्वारा गेटमैन के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो कारों से आए सात युवकों ने गेटमैन पर पिस्टल तान दी, गालियां दीं और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। पूरी घटना रेलवे फाटक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना 2 फरवरी की रात टिंडोली रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित रेलवे क्रॉसिंग की बताई जा रही है, जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि गेटमैन फाटक बंद होने का कारण बताते हुए बार-बार कहता रहा कि ट्रेन आने वाली है और फाटक खोलने से हादसा हो सकता है, लेकिन हमलावरों ने उसकी एक न सुनी।

आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए गेटमैन पर दबाव बनाया। इसके बाद उन्होंने थप्पड़, लात-घूंसे और मुक्कों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावर गेटमैन को उठाकर कार तक ले जाने की कोशिश भी करते नजर आए। इस दौरान उसके दो साथी बीच-बचाव करते हुए दिखाई दिए।

हमलावरों ने रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 20 मिनट तक हंगामा किया, जिससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। इस दौरान कालिंदी एक्सप्रेस करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी हॉर्न बजाती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button