
- शिक्षकों की उपस्थिति और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
- विभागीय समन्वय और कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने की पहल
- नवागत अधिकारियों का शिक्षक संगठनों ने किया स्वागत
अम्बेडकरनगर। जिले के शिक्षा विभाग में सोमवार को प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। बीएसए पूनम मिश्रा और डीआईओएस डॉ. कौस्तुभ सिंह ने अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही दोनों अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और अनुशासित बनाने पर जोर दिया।पदभार ग्रहण के दौरान विभागीय अधिकारियों और शिक्षक संगठनों ने नवागत अधिकारियों का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रतिनिधियों ने भी अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं।
बीएसए का फोकस: स्कूलों में उपस्थिति और गुणवत्ता सुधार
नवागत बीएसए पूनम मिश्रा इससे पहले प्रयागराज स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में उप सचिव के पद पर कार्यरत थीं। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि जिले में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार उनकी प्राथमिकता होगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता को मजबूत करने और छात्रों के सीखने के स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बीएसए ने विभागीय कर्मचारियों से कार्य में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
डीआईओएस का संदेश: अनुशासन और कार्य संस्कृति सर्वोच्च प्राथमिकता
नवागत डीआईओएस डॉ. कौस्तुभ सिंह इससे पहले अयोध्या में एडी बेसिक के पद पर तैनात थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया।उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुशासन और कार्य संस्कृति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि लापरवाही और ढिलाई पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा।डीआईओएस ने शिक्षा व्यवस्था को समयबद्ध और परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया।









