अंबेंडकरनगर। सोमवार को शिवबाबा धाम परिसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रशासनिक घोषणाओं और विकास योजनाओं की गूंज से जीवंत हो उठा। मंच से मुख्यमंत्री ने जनपद को 1184.12 करोड़ रुपये की 194 परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही अकबरपुर और टांडा के प्रमुख बस अड्डों के नाम धार्मिक और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत से जोड़ते हुए ऐतिहासिक घोषणाएं कीं।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अकबरपुर का बस स्टेशन अब ‘शिवबाबा धाम बस स्टेशन’ के नाम से जाना जाएगा, जबकि टांडा का बस अड्डा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व मंत्री स्व. जयराम वर्मा के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दोनों नाम जनस्मृति और क्षेत्रीय गौरव से सीधे जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सुदृढ़ता और स्थानीय विकास को गति देने के लिए रामनगर बाजार और भीटी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक शासनादेश जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंच से जिले की कुल 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसमें ग्रामीण सड़कें, पुल, नलकूप, विद्युत उपकेंद्र, सरकारी भवन, स्वास्थ्य इकाइयाँ, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, और पेयजल योजनाएं शामिल रहीं। उन्होंने लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत चेक, नियुक्ति पत्र और प्रमाणपत्र वितरित किए।
श्रवणधाम को पर्यटन नक्शे पर लाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबेडकरनगर धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जनपद है। विशेषकर श्रवणधाम जैसी पौराणिक स्थली को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग की कथा में स्थान रखने वाली इस भूमि को धार्मिक पर्यटन की मजबूत श्रृंखला से जोड़ा जाएगा।








