
- NTPC Limited ने जारी किए वित्तीय नतीजे
- स्टैंडअलोन PAT में 18% की बढ़ोतरी
- चौथी तिमाही में 8,747 करोड़ का मुनाफा
अंबेडकरनगर। देश की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत कंपनी NTPC Limited ने वित्त वर्ष 2025-26 के चौथी तिमाही और वार्षिक ऑडिटेड वित्तीय परिणाम जारी करते हुए मजबूत आर्थिक प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड दोनों स्तरों पर मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है। परिचालन दक्षता, नई उत्पादन क्षमता, लागत नियंत्रण और रणनीतिक विस्तार को इस सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
स्टैंडअलोन PAT में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी
NTPC Limited ने स्टैंडअलोन आधार पर वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 44,030 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जो पिछली तिमाही की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक रही।
चौथी तिमाही में कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT) 8,747 करोड़ रुपये रहा, जबकि तीसरी तिमाही में यह 4,987 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का स्टैंडअलोन PAT बढ़कर 23,162 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 19,649 करोड़ रुपये था। इस प्रकार कंपनी ने वार्षिक स्तर पर लगभग 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।
कंपनी के अनुसार यह बढ़ोतरी नई क्षमता वृद्धि, बेहतर परिचालन प्रबंधन, वित्तीय लागत में कमी तथा डिफर्ड टैक्स और रेगुलेटरी डिफर्ड अकाउंट बैलेंस में संशोधन के कारण संभव हो सकी।
समूह स्तर पर भी मजबूत रहा प्रदर्शन
कंसोलिडेटेड आधार पर भी NTPC Limited समूह का प्रदर्शन मजबूत रहा। वित्त वर्ष 2026 में समूह का कर पश्चात लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 27,546 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 23,953 करोड़ रुपये था।









