- मुरादाबाद के टीएमयू में बीएससी नर्सिंग छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाई
- गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, इलाज के दौरान तोड़ा दम
- घटना कैंपस के सीसीटीवी कैमरों में कैद, पुलिस जांच में जुटी
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। बीएससी नर्सिंग की फाइनल ईयर की छात्रा दीक्षा (निवासी संभल) ने कैंपस की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। गंभीर हालत में उसे टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दीक्षा गुरुवार को कॉलेज की बस से कैंपस आई थी। दोपहर 2:50 बजे प्रैक्टिकल एग्जाम खत्म होने के बाद बाकी छात्राएं नीचे चली गईं, लेकिन दीक्षा वहीं रुकी रही। लगभग 3:53 बजे उसने गैलरी की विंडो से नीचे झांकने के बाद छलांग लगा दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से किसी भी सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने भी सुसाइड के कारणों पर कुछ नहीं कहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
टीएमयू के मीडिया प्रभारी डॉ. एम.पी. सिंह के मुताबिक घटना के बाद छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और परिजनों को भी सूचित किया गया। कॉलेज के वॉइस प्रिंसिपल ने छात्रा के पिता से बात कर मामले की जानकारी दी।
दीक्षा के पिता जनम सिंह इंडस टावर में टेक्नीशियन इंचार्ज हैं। उन्होंने बताया कि दीक्षा पढ़ाई में बेहद तेज थी और हर साल 90–95% अंक लाती थी। परिवार इस हादसे से सदमे में है।








