- 1090 चौराहे पर छात्रा के साथ कार सवार युवकों ने की छेड़खानी
- भाई के साथ घर लौट रही थी नर्सिंग की छात्रा
- आरोपी 4 किमी तक पीछा कर गाली-गलौज और इशारे करते रहे
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के व्यस्ततम 1090 चौराहे पर नर्सिंग की छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी की घटना सामने आई है। छात्रा अपने भाई के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी कार सवार युवकों ने करीब 4 किलोमीटर तक उसका पीछा किया, रास्ता रोका, गालियां दीं और अश्लील इशारे किए।
घटना सोमवार की है, लेकिन इसका CCTV फुटेज बुधवार को सामने आया, जिसने हड़कंप मचा दिया। पीड़िता और उसके भाई ने कार का नंबर नोट कर गाजीपुर थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की कार प्रयागराज नंबर की है और उसमें सवार युवक वकील बताए जा रहे हैं।
छात्रा बोली: आम लड़की हूं, लेकिन इस घटना ने मुझे हिला दिया
पीड़िता ने बताया, “मैं नर्सिंग की छात्रा हूं। भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। पॉलिटेक्निक चौराहे पर कार ने हमें ओवरटेक कर रोका। गंदी-गंदी गालियां दी गईं और इशारे किए गए। मैं डर के मारे कांप रही थी। पुलिस पर भरोसा किया है, उम्मीद है इंसाफ मिलेगा।”
पीड़िता के भाई का सवाल: “सड़कों पर बहनें कब सुरक्षित होंगी?”
छात्रा के भाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “हम आम परिवार से हैं। बहन मेहनत से पढ़ाई कर रही है। लेकिन अगर ऐसे ही सड़कों पर डराया जाएगा तो कौन सुरक्षित है?” उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान: आरोपी वकील, गिरफ्तारी जल्द
ADCP पूर्वी पंकज सिंह ने बताया, “घटना समतामूलक चौक से पॉलिटेक्निक चौराहे के बीच हुई। CCTV फुटेज में महिला और आरोपी दोनों आक्रामक दिखे हैं। आरोपी प्रयागराज के हैं और वकील बताए जा रहे हैं। हमारी टीम दूसरे जिले में भेजी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।”
पूर्व में भी हुआ था बड़ा मामला
30 अगस्त 2024 को लखनऊ में बारिश के दौरान एक लड़की से बैड टच की घटना हुई थी। सीएम योगी ने सख्त कदम उठाते हुए उस समय तीन अफसरों को हटाया था और पूरी चौकी सस्पेंड कर दी गई थी। अब एक बार फिर राजधानी में महिला सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।








