अंबेडकरनगर। टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम लंगड़ी पृथ्वीपुरवा, मईपुर में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने घटना से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से बातचीत कर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी भी प्राप्त की। दौरे के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
पांचों प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता
दौरे के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने अग्निकांड से प्रभावित पांच परिवारों को अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से उपलब्ध सभी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहे और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
दो परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दो प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को आवास की आवश्यकता है, उनकी पात्रता की जांच कर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी की जाए।









