- एसटी हसन का बड़ा बयान
- मुस्लिम स्कॉलर्स का दिया हवाला
- मौलाना के बयान के बाद बढ़ा विवाद
मुरादाबाद। भगवान श्रीकृष्ण को मुस्लिम बताए जाने वाले विवादित बयान के बीच समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने नई टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम स्कॉलर्स का मानना है कि संभव है भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण 1 लाख 24 हजार पैगंबरों में शामिल रहे हों।
मुरादाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान एसटी हसन ने कहा कि इतने लंबे समय में कई बातें बदल जाती हैं, इसलिए वह इस विषय पर अंतिम टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने इतना जरूर कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण महान हस्तियां थीं और उन्होंने मानवता को महत्वपूर्ण सीख दी।
यह विवाद इटावा के मौलाना जर्जिस अंसारी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भगवान श्रीकृष्ण धर्म से मुस्लिम थे और दिन में पांच वक्त नमाज अदा करते थे। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई।
विवाद के बाद लखनऊ में हिंदू महासभा ने हजरतगंज कोतवाली में मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।









