हिमाचल में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

अगले 72 घंटे खराब रहेगा मौसम, कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सुबह तेज धूप के बाद शिमला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छा गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के लिए भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट और आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हो सकती है। इन जिलों में 17 से 19 जून तक तेज हवाएं, आंधी और तूफान चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में 20 से 22 जून तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मंडी के कटौला में सबसे अधिक 60.1 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा मंडी में 37.2 मिमी, जोगेंद्रनगर में 16 मिमी, पंडोह में 15.8 मिमी और भुंतर में 8.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि इस बार हिमाचल में मानसून की एंट्री सामान्य तिथि 22 जून से कुछ देरी से हो सकती है। फिलहाल मानसून बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है, लेकिन उत्तर भारत में इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button