ग्राम स्वराज अभियान पर अफसरों का उन्मुखीकरण

  • ग्राम विकास की दिशा में योजनागत तैयारी तेज

  • जीपीडीपी व पीडीआई के लक्ष्य और क्रियान्वयन पर फोकस

  • सतत विकास लक्ष्य से जुड़ी ग्राम पंचायत योजनाओं पर चर्चा

अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जीपीडीपी और पीडीआई पर जनपद स्तरीय अधिकारियों का उन्मुखीकरण शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन हुआ।

डीएम ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यों को समय से पूर्ण कर पोर्टल पर अपडेट करें।

पीडीआई (Panchayat Development Index) के जरिए ग्राम पंचायतों में SDG (सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स) के तहत 17 लक्ष्यों और 9 थीम आधारित कार्य योजनाओं पर जोर दिया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को बताया कि प्रत्येक पंचायत को सहभागी नियोजन के जरिए थीमवार विकास योजना बनानी होगी, जिसे केंद्र सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

डीएम ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, हरित विकास, जल संरक्षण और डिजिटल ट्रैकिंग जैसे आयामों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायतें 2 अक्टूबर से 31 जनवरी के बीच अपने संसाधनों के बेहतर उपयोग से विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएं।

कार्यक्रम में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, परियोजना निदेशक अनिल सिंह, डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव सहित सभी खंड विकास अधिकारी व विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button