
अंबेडकरनगर में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चंद्रोदय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों, राजस्व विभाग, बिजली विभाग और बैंकों से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। लोक अदालत में कुल 1,28,959 मामलों का समाधान हुआ। इनमें प्री-लिटिगेशन और न्यायालयों में लंबित मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निपटाया गया।
26 अदालतों में हुआ मामलों का निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 26 अदालतों का गठन किया गया था। जनपद न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार ने तीन मामलों का निस्तारण किया। वहीं स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अब्दुल कैय्यूम ने एक मामला निपटाया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय राजेश भारद्वाज ने आठ वैवाहिक और पारिवारिक मामलों का निस्तारण किया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी अधिनियम पवन कुमार शुक्ला ने दो मामलों का समाधान कराया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधा यादव ने सबसे अधिक 3160 मामलों का निस्तारण किया। इनमें मोटर वाहन अधिनियम, चालानी और फौजदारी मामलों से जुड़े वाद शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों और ग्राम न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया।
बैंक और विभागों ने भी लगाए स्टॉल
लोक अदालत में जिला उद्योग विभाग की ओर से ‘एक जनपद एक उत्पाद’ और ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के तहत स्टॉल लगाए गए। यहां लोगों को जिले के उत्पाद और स्थानीय व्यंजनों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और भारत संचार निगम लिमिटेड समेत कई संस्थानों ने स्टॉल लगाकर मामलों का निस्तारण किया।









