लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक से पटाखे लेकर जा रहे जीजा-साले की विस्फोट में मौत हो गई। रास्ते में उनकी बाइक अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई, जिससे वह बेकाबू होकर पलट गई। इसी दौरान बाइक पर रखे पटाखों में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि एक युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और गाय की भी मौत हो गई। दूसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
धमाके के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान हरदोई जनपद के जन गांव पट्टी निवासी सुहेल और गोसाईंगंज के मातन टोला निवासी मोहम्मद अहमद के रूप में की है। सुहेल, मोहम्मद अहमद का साला बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई दर्दनाक घटना
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब सवा तीन बजे हादसा हुआ। सड़क पर बेसहारा गाय अचानक आ गई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक उससे टकरा गए। टकराते ही जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि एक युवक का पैर कट गया और शरीर के टुकड़े आसपास बिखर गए। बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।








