गुरुग्राम। हरियाणा के मानेसर नगर निगम में मेयर पद भले ही भाजपा हार गई हो, लेकिन पार्टी ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर कब्जा कर लिया है। मंगलवार को हुए चुनाव में दोनों ही पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की। खास बात यह है कि दोनों विजेता नेता प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के करीबी माने जाते हैं।
भाजपा समर्थित पार्षदों की निर्विरोध जीत
वार्ड-12 के निर्दलीय पार्षद प्रवीण यादव को सीनियर डिप्टी मेयर और वार्ड-2 से पहली बार पार्षद बनी रीमा दीपक चौहान को डिप्टी मेयर चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मेयर इंद्रजीत यादव एवं उनके 8 समर्थक पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। मेयर ने तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र भेजा।
पार्टी से सवाल करेगी भाजपा
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्षों बाद मानेसर में सर्वसम्मति से यह चुनाव संपन्न हुआ है। कुल 12 पार्षदों की उपस्थिति में भाजपा उम्मीदवारों की जीत हुई। दो पार्षद अनुपस्थित रहे, जिनसे पार्टी जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के मतदान में शामिल न होने पर उन्होंने कहा— “मेरी उनसे कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है।”
पार्षदों को विदेश भेजने से पार्टी का इनकार
कुछ पार्षदों की हालिया विदेश यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि पार्टी ने किसी को विदेश नहीं भेजा, वे निजी यात्रा पर गए होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।
मेयर चुनाव में हुई थी भाजपा की हार
गौरतलब है कि इस वर्ष प्रदेश में हुए 10 नगर निगम चुनावों में से मानेसर इकलौता निगम रहा जहां भाजपा को मेयर पद पर हार का सामना करना पड़ा था। यहां निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत कौर मेयर बनीं थीं, जो केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की करीबी बताई जाती हैं और जिनकी प्रदेश के मंत्री राव नरबीर सिंह से राजनीतिक तनातनी मानी जाती है।








