- परेश रावल ने फिल्म से हटने का लिया फैसला
- एडवांस राशि ब्याज के साथ लौटाई
- अक्षय कुमार की टीम ने लीगल नोटिस भेजा
मुंबई। एक्टर परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ से अचानक अलग होकर फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने फिल्म के लिए एडवांस में मिले ₹11 लाख का साइनिंग अमाउंट 15% ब्याज समेत लौटा दिया है। बावजूद इसके, अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है।
फिल्म से हटे परेश, लौटाया एडवांस
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, परेश रावल ने फिल्म से हटने के बाद न सिर्फ ₹11 लाख लौटाए, बल्कि 15 फीसदी सालाना ब्याज के साथ अतिरिक्त राशि भी दी। टर्म शीट के मुताबिक, उनकी कुल फीस ₹15 करोड़ तय हुई थी, जिसमें से ₹14.89 करोड़ फिल्म की रिलीज के बाद देने की शर्त थी। इसी शर्त पर परेश को आपत्ति थी, जिसके बाद उन्होंने फिल्म से अलग होने का फैसला लिया।
कानूनी पचड़े में फंसे परेश रावल
अक्षय कुमार की वकील पूजा तिडके ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “परेश रावल के इस फैसले से फिल्म को भारी नुकसान हुआ है। शूटिंग की तैयारियां और एक सीन की रिकॉर्डिंग हो चुकी थी। इस वजह से हमनें उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने से कलाकारों की छवि और दर्शकों की उम्मीदों को गहरी ठेस पहुंची है।”
ये भी पढ़ें-दीपिका कक्कड़ की तबीयत बिगड़ी- सर्जरी से पहले अस्पताल में भर्ती
अब तक नहीं मिला जवाब
कानूनी नोटिस का अभी तक परेश रावल की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। वकील पूजा तिडके ने बताया कि उन्हें जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। फिल्म की शूटिंग 2025 में शुरू होनी थी और इसकी रिलीज 2026 या 2027 तक संभावित थी।








