लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार, 6 फरवरी को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। हाउस टैक्स, बढ़े हुए दुकान किराए, संपत्ति विवाद और खराब सड़कों को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी निगम पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
इस दौरान सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड की अवध विहार कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम परिसर में ही जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
एक मकान पर दो बार लग रहा हाउस टैक्स
समाधान दिवस में नगर निगम के एक सेवानिवृत्त कर अधीक्षक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके एक ही मकान पर दो बार हाउस टैक्स लगाया जा रहा है। इस कारण उन्हें दो अलग-अलग बिल मिल रहे हैं, जिससे वह परेशान हैं। उन्होंने इस गलती को जल्द सुधारने की मांग की।
दुकानों का किराया 20 गुना बढ़ने से नाराजगी
कई व्यापारियों ने शिकायत की कि निगम की दुकानों का किराया अचानक 20 गुना तक बढ़ा दिया गया है। इससे छोटे व्यापारियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। दुकानदारों ने मांग की कि किराया वृद्धि पर पुनर्विचार किया जाए।
20 साल से नहीं बनी सड़क
अवध विहार कॉलोनी समेत कई इलाकों के लोगों ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब 20 वर्षों से सड़क नहीं बनी है। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
संपत्ति विवाद की शिकायत
पुरनिया क्षेत्र से आए एक युवक ने अपनी बुआ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप है कि उसकी बुआ ने जोन-3 के अधिकारियों से मिलीभगत कर उसके दिवंगत पिता का मकान अपने नाम करा लिया है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।








