अंबेडकरनगर | प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
6 और 7 सितंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, 21 केंद्रों पर परीक्षा की तैयारी
जिलाधिकारी ने बताया कि PET-2025 परीक्षा दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत 6 व 7 सितंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली में दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संपन्न होगी। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर CCTV, वीडियोग्राफी और पुलिस बल की व्यवस्था अनिवार्य
बैठक में जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पेयजल, शौचालय और फर्स्ट एड की व्यवस्था पर विशेष जोर
परीक्षार्थियों की सुविधा को सर्वोपरि मानते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, शेड, बैठने की समुचित व्यवस्था और प्राथमिक उपचार की सुविधा होनी चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।








