किसान सम्मान निधि से 3,555 अपात्र बाहर

नवंबर में 24वीं किस्त आने की उम्मीद, 28 लाभार्थियों के मामले विवादित; नाम और जमीन के रिकॉर्ड में सुधार जारी

अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त नवंबर में किसानों के खातों में आने की उम्मीद है। इससे पहले जिले में लाभार्थियों के सत्यापन और अभिलेखों में सुधार का काम तेज कर दिया गया है। जांच में अब तक 3,555 किसान अपात्र मिले हैं, जबकि 28 मामलों का निस्तारण विवाद के कारण लंबित है।

उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह के अनुसार, सत्यापन के दौरान मृतक लाभार्थियों, पति-पत्नी दोनों के नाम पर लाभ लेने वालों और दोहरे नामों को सूची से हटाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से नाम, बैंक खाते और भूमि संबंधी अभिलेखों में त्रुटि होने पर उसे समय से दुरुस्त कराने की अपील की है।

25 हजार मृतक लाभार्थियों के नाम हटे

विभाग के मुताबिक, योजना शुरू होने के बाद से जिले में करीब 25 हजार मृतक लाभार्थियों के नाम हटाए जा चुके हैं। इसके अलावा 2,300 दोहरे नाम और 8,200 पति-पत्नी के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। योजना के नियमों के अनुसार, पात्रता पूरी करने पर पति-पत्नी में से केवल एक को ही लाभ मिल सकता है।

नाम और गाटा संख्या सुधारने के आवेदन

अभिलेखों में नाम की त्रुटि सुधारने के लिए 22,994 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें से 18,410 किसानों के नाम दुरुस्त किए जा चुके हैं। वहीं, गाटा संख्या में सुधार के लिए मिले 6,767 आवेदनों में से 6,395 का निस्तारण कर दिया गया है। शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button