
पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने Krishnanagar में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। चुनावी माहौल के बीच उनके बयान ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची टीएमसी को लग रही है : PM
अपने भाषण की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने बंगाल के लोकप्रिय खान-पान का जिक्र किया और “झालमुड़ी” के बहाने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि “झालमुड़ी मैंने खाई, लेकिन मिर्ची टीएमसी को लग रही है,” जिससे उन्होंने भाजपा की बढ़ती पकड़ पर विपक्ष की बेचैनी का संकेत दिया। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि इस बार का चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में जाएगा और 4 मई को पूरे राज्य में “कमल खिलने” का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने जनता से वादा किया कि बदलाव के साथ विकास का नया दौर शुरू होगा।
चुनावी हिंसा के मुद्दे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों की तुलना में इस बार हिंसा कम देखने को मिली है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया। साथ ही AITC पर “सिंडिकेट राज” चलाने और राज्य के संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि जनता अब डर और भ्रष्टाचार से मुक्त शासन चाहती है। उन्होंने विभिन्न वर्गों- सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, डॉक्टरों और युवाओं—का जिक्र करते हुए दावा किया कि सभी बदलाव के लिए मतदान कर रहे हैं। अपने भाषण में उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का भी उल्लेख किया और भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों को इसका लाभ दिया जाएगा। इस रैली ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है, जहां अब सभी की नजरें आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।









