6 दिन के फ्रांस-स्लोवाकिया दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी

मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता, G7 शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा; स्लोवाकिया का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे

नई दिल्ली/पेरिस/ब्रातिस्लावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह छह दिन की फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा पर रवाना हो गए। 13 से 18 जून तक चलने वाले इस दौरे में वे दोनों देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे और G7 शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अपने दौरे के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी 13 और 14 जून को फ्रांस के नीस शहर में रहेंगे। यहां वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ‘इंडिया इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे।

फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया पहुंचेंगे, जहां वे 15 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से होगी। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला आधिकारिक दौरा होगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 जून को दोबारा फ्रांस लौटेंगे और 17 जून को एवियन शहर में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरराष्ट्रीय सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और नई वैश्विक साझेदारियों जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ भी उनकी द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button