पुलिस भर्ती परीक्षा आज से, रेटिना स्कैन के बाद ही मिलेगा प्रवेश

10 केंद्रों पर तीन दिन तक चलेगी परीक्षा, 26 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की भर्ती परीक्षा सोमवार से जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिनों में 26,208 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की रेटिना जांच और फिंगर प्रिंट स्कैनिंग की जाएगी। सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

सुरक्षा का सख्त घेरा, तीन स्तर पर होगी जांच

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, तलाशी व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्गों की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।

परीक्षा केंद्रों का एसपी ने लिया जायजा

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने रविवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा पर भी विशेष फोकस

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी व्यवस्था की है। यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button