अम्बेडकरनगर। अकबरपुर बसखारी मार्ग स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राज्य की कानून व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और पंचायत चुनाव को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट की। उनके बयानों के बाद जिले की सियासत में चर्चा तेज हो गई है।
परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा, निगरानी को बताया मजबूत कदम
प्रभारी मंत्री ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं की निगरानी अब केंद्र सरकार स्तर पर सीधे की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी हुई है और अभ्यर्थियों को किसी तरह की आशंका नहीं रखनी चाहिए।
अपराध नियंत्रण पर सख्त रुख, पुलिस कार्रवाई का बचाव
गाजीपुर एनकाउंटर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस पूरी मजबूती के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और कार्रवाई अपराध के आधार पर होती है, किसी पहचान के आधार पर नहीं।
पंचायत चुनाव को लेकर कानूनी प्रक्रिया का हवाला
पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार समय पर चुनाव कराने के पक्ष में है। उन्होंने बताया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और सरकार ने कोर्ट के निर्देशों के अनुसार जवाब दाखिल किया है।
उन्होंने कहा कि आगे जो भी न्यायालय का निर्णय आएगा, उसका पालन किया जाएगा।
पिछड़ा वर्ग आयोग से सामाजिक संतुलन की उम्मीद
प्रभारी मंत्री ने पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम सामाजिक न्याय और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण है।









