विदेश में नौकरी का झांसा, 4.20 लाख की ठगी

अम्बेडकरनगर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। कटका थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी आलोक सिंह से 4 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए गए। नौकरी नहीं मिलने पर रुपये वापस मांगने पर धमकी दी गई।

जानकारी के अनुसार आलोक सिंह की मुलाकात अकबरपुर क्षेत्र के अहमदनगर निवासी मो. अनीस से हुई थी। आरोप है कि अनीस ने विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने बेहतर वेतन का लालच देकर कुल 4.20 लाख रुपये की मांग की।

आलोक के पिता ने बेटे के भविष्य को देखते हुए रकम जुटाई। आरोप है कि 2 लाख 70 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा करीब डेढ़ लाख रुपये नकद दिए गए। नकद रकम जुटाने के लिए आभूषण गिरवी रखे गए।

रुपये लेने के बाद भी आरोपी ने नौकरी की कोई व्यवस्था नहीं की। काफी समय बीतने पर जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे, तो आरोपित ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में आरोप है कि अनीस और उसके साथियों ने गाली-गलौज की।

पीड़ित का कहना है कि रुपये लेने के लिए आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे परिवार में डर का माहौल बना रहा।

आलोक सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस से की। थाने पर कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।

थानाध्यक्ष अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी मो. अनीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button