- पीड़िता और उसके पति को मिली जान से मारने की धमकी
- कई मोबाइल नंबरों से कर रहा था उत्पीड़न, मानसिक तनाव में पीड़िता
- महिला ने राजेसुल्तानपुर थाने में दी तहरीर, जांच शुरू
अम्बेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला को फोन पर अश्लील बातें करने और उसकी तस्वीरों व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मानापुर सेमरा गांव निवासी अजय पांडेय नामक युवक लगातार महिला के मोबाइल नंबर पर फोन कर अश्लील बातें करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी तस्वीरों और वीडियो को छेड़छाड़ कर फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर वायरल कर दिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के पति को भी फोन कर गालियां दीं और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि अजय पांडेय कई अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे और उसके पति को लगातार प्रताड़ित कर रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी है।
पीड़िता ने स्पष्ट रूप से कहा कि आरोपी उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ध्वस्त करने की नियोजित कोशिश कर रहा है। लगातार हो रही धमकियों के चलते उसका सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ये भी पढ़ें-लखनऊ में नौ दिन बाद राहत- पारा 40 डिग्री से नीचे
महिला की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में तेजी लाई जा रही है। आरोपी की कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच साइबर सेल के माध्यम से कराई जा रही है।








