मुरादाबाद में बिजली गुल

मुरादाबाद। शनिवार देर रात दौलत बाग़ बिजली उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों में अचानक बिजली गुल हो जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात करीब 10 बजे अचानक बत्ती चली गई और पूरी रात बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।

प्रभावित इलाके और दिक्कतें

बिजली कटौती का असर दौलत बाग़, लाल बाग़, दीवान बाजार, झब्बू का नाला, अंडे वालान, चौकी हसन खान, नई सड़क, तहसील स्कूल और मोहल्ला मछली बाजार समेत कई इलाकों में देखने को मिला। लोगों के घरों में अंधेरा रहा, इनवर्टर जवाब दे गए, मोबाइल फोन बंद हो गए और पानी की मोटर न चल पाने से पानी की किल्लत झेलनी पड़ी।

स्थानीय लोग शिकायत करते रहे लेकिन देर रात तक राहत नहीं मिली। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों और मरीजों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं।

तकनीकी खराबी और विभाग की प्रतिक्रिया

विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर अजय शर्मा ने बताया कि दौलत बाग़ उपकेंद्र की 33/11 केवी लाइन में तकनीकी खराबी आई है। कर्मचारी मौके पर फॉल्ट चेक कर रहे हैं। फॉल्ट मिलने के बाद बिजली सप्लाई जल्द बहाल कर दी जाएगी।

फिलहाल, देर रात तक लोग बिजली शुरू न होने से नाराज़ दिखे और राहत की प्रतीक्षा करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button