बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित बेगावाला गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय सलीम पुत्र हनीफ के रूप में हुई है, जो बेगावाला नई बस्ती का निवासी था। आरोपी उसका छोटा भाई नदीम बताया जा रहा है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सलीम और नदीम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। देर रात करीब 12 बजे जब सलीम आंगन में चारपाई पर सो रहा था, तभी आरोपी नदीम ने उस पर सब्बल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









