देश के 80-90% हिस्से में प्री-मानसून बारिश के आसार

29 मई से मौसम बदलने की संभावना

  • 29 मई से देशभर में प्री-मानसून बारिश के आसार
  • अभी तक केरल नहीं पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून
  • नमी कमजोर होने से मानसून की रफ्तार धीमी

नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही तेज गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम एजेंसियों के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच देश के लगभग 80 से 90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंचा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले 26 मई तक मानसून केरल पहुंचने का अनुमान जताया था। हालांकि नमी कमजोर होने और दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसके चलते बादलों की सक्रियता भी कम हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार केरल में मानसून पहुंचने की घोषणा तब की जाती है, जब निर्धारित 14 मौसम केंद्रों में लगातार दो दिन तक कम से कम 2.5 मिमी बारिश दर्ज हो।

अगले 8 दिनों में कई क्षेत्रों में भारी बारिश के संकेत

यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय आंकड़ों के आधार पर अगले 15 दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि अगले 8 दिनों के दौरान दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी से जुड़े इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्री-मानसून बारिश भीषण गर्मी और लू से राहत दिला सकती है। साथ ही तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button