उन्नाव में 13 जुलाई को प्रस्तावित कानपुर-लखनऊ अवध एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समारोह में आने वाले अतिथियों और आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्ग, वीआईपी मूवमेंट, पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।









