गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी स्मृति में एक चौराहे का नाम ‘सूर्य चौक’ रख दिया है। बुधवार को आयोजित तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा के दौरान समाज के लोगों ने सूर्या के घर के पास स्थित चौराहे का नामकरण करने का निर्णय लिया।
चौराहे पर एक सीमेंटेड पोल पर लोहे का बोर्ड लगाया गया है, जिस पर लाल अक्षरों में ‘सूर्य चौक’ लिखा गया है। बोर्ड पर वार्ड नंबर-13, गली नंबर-1, नवनीत विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी अंकित किया गया है।
बोर्ड लगाए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक बोर्ड को पकड़कर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवक पोल पर चढ़कर उसे बांधता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर इस चौक को आधिकारिक मान्यता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सूर्या की मां सरोज ठाकुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपी किसी भी हालत में जेल से बाहर नहीं आने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सूर्या के बड़े भाई यश चौहान ने भी सरकार और प्रशासन द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर हो चुका है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।









