चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ को शुरुआत में ही व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया गया है। अन्नामलाई ने कहा कि पार्टी की घोषणा के महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
अन्नामलाई ने इस पहल को केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि जनता का आंदोलन बताते हुए कहा कि यह तमिलनाडु के भविष्य को लेकर लोगों की साझा सोच और मिशन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों का समर्थन इस आंदोलन को नई दिशा देगा।
गौरतलब है कि अन्नामलाई ने 2 जून को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे का पत्र शुक्रवार को सार्वजनिक हुआ। इसके बाद उन्होंने 5 जून को नई पार्टी के गठन की घोषणा की।
अन्नामलाई के समर्थन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पत्रकारों से बातचीत में नागराजन ने कहा कि उन्होंने और कई भाजपा नेताओं ने अन्नामलाई के साथ खड़े होने का फैसला किया है।
नई पार्टी की घोषणा करते हुए अन्नामलाई ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा, “आज हम अपना स्वतंत्र आंदोलन खड़ा कर रहे हैं। हमारी पार्टी तमिलनाडु में 2031 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।”
अन्नामलाई ने ‘We The Leaders’ नाम से एक नया मंच और वेबसाइट भी लॉन्च की है। इसके साथ ही उन्होंने कोयंबटूर में एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एथिक्स एंड पॉलिटिक्स की स्थापना की घोषणा की। पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे अन्नामलाई कर्नाटक कैडर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।









