अम्बेडकरनगर। जुलाई में प्रस्तावित ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ महाअभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को प्रभागीय वन अधिकारी कार्यालय में जिले की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. उमेश तिवारी ने की। इस दौरान वृक्षारोपण स्थलों के चयन, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, पौधों के संरक्षण और अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
वृक्षारोपण के साथ संरक्षण पर भी रहेगा फोकस
डॉ. उमेश तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का प्रयास है। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदायों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
थीम आधारित कार्यक्रमों की दी जानकारी
बैठक में मिशन छायावन, महर्षि चरक वन, वंदे मातरम् वाटिका, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा रोपण, भाई-बहन वृक्षारोपण और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ जैसे थीम आधारित कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की गई। इनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने की योजना पर चर्चा हुई।
बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों, नमामि गंगे परियोजना, भारत स्काउट एवं गाइड्स तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अभियान को सफल बनाने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा जताया।









