जनगणना में सही जानकारी देना विकास की बुनियाद : डॉ. तारकेश्वर मिश्र

हर नागरिक से सहयोग की अपील, अफवाहों से दूर रहने को कहा

  • डॉ. तारकेश्वर मिश्र ने नागरिकों से की जनगणना में सहयोग की अपील
  • सही जानकारी को बताया विकास योजनाओं की नींव
  • घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सहयोग देने की अपील

अंबेडकरनगर। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय पीरपुर में कार्यरत शिक्षक एवं जनगणना प्रगणक डॉ. तारकेश्वर मिश्र ‘जिज्ञासु’ ने जनगणना कार्य को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है।

डॉ. मिश्र ने कहा कि सही और सटीक जानकारी मिलने से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और सामाजिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की नीतियों का आधार बनते हैं।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जब प्रगणक घर-घर पहुंचें तो परिवार से जुड़ी सभी जानकारी सही और स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की गलत जानकारी से विकास योजनाओं पर असर पड़ सकता है।

डॉ. मिश्र ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जनगणना कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य देशहित से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में सभी को इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करना चाहिए, ताकि योजनाएं सही लाभार्थियों तक पहुंच सकें और विकास प्रक्रिया मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button