अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में शनिवार को भीटी क्षेत्र के खजुरी गांव में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। जनचौपाल के दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था, विकास और चुनावी रणनीति पर विस्तार से अपनी बात रखी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के समय प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। थानों पर अपराधियों और माफियाओं का प्रभाव रहता था तथा पुलिस पर दबाव बनाया जाता था। उनका दावा था कि उस दौर में आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस करता था। इसके विपरीत वर्तमान भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की छूट है और अपराधियों में पुलिस का भय है। उन्होंने कहा कि सख्ती के कारण अपराधी प्रदेश छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
2027 ही नहीं, 2047 तक सत्ता से दूर रहेगा विपक्ष
डिप्टी सीएम ने आगामी चुनावों को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 2027 तो छोड़िए, 2047 तक कांग्रेस और सपा के सत्ता में आने की संभावना नहीं है। उनका आरोप था कि सपा में कार्यकर्ता नहीं, बल्कि असामाजिक तत्व सक्रिय हैं।
उन्होंने विपक्ष पर सामाजिक पृष्ठभूमि को लेकर राजनीति करने का भी आरोप लगाया। कहा कि विपक्ष गरीब परिवार से निकले नेताओं को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से निकले व्यक्ति के नेतृत्व को विपक्ष पचा नहीं पा रहा है। उनके अनुसार केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गरीब कल्याण है और योजनाएं उसी दिशा में केंद्रित हैं।








