अधिवक्ताओं को रजिस्ट्रेशन कार्ड पर ही प्रवेश, आमजन की पूरी तलाशी
17 नवंबर की मारपीट के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सभी गेटों पर पुलिस फोर्स, शस्त्र प्रतिबंध और सीसीटीवी निगरानी
आगरा। दीवानी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पिछले बड़े विवाद के बाद सुरक्षा समिति ने आदेश जारी किया था कि सभी व्यक्तियों की समान चेकिंग होगी, लेकिन हालात इसके विपरीत दिख रहे हैं।
मौके पर अधिवक्ताओं को केवल उनका रजिस्ट्रेशन कार्ड दिखाने पर प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि आमजन को चेकिंग रूम में ले जाकर पूरी तलाशी कराई जा रही है। दीवानी परिसर के गेट नंबर-1 पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। बिना पहचान पत्र वाले अधिवक्ताओं को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
17 नवंबर को आगरा दीवानी में वकीलों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे। दिनभर में दो बार तनातनी और धक्का-मुक्की की घटनाएँ हुईं, जिसमें लाठी-डंडे और अवैध हथियार लहराने के आरोप सामने आए।
सुरक्षा बैठक में निर्णय हुआ कि 21 नवंबर से न्यायालय परिसर में आने वाले सभी व्यक्तियों, अधिवक्ता, वादकारी और कर्मचारियों की पुलिस चेकिंग होगी। परिसर में शस्त्र लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी गेटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी निगरानी एवं फ्रिस्किंग प्रक्रिया को और कड़ा कर दिया गया है।








