लखनऊ में बोले राजनाथ सिंह- यूपी अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट

वन माफिया’ नहीं, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के नाम से पहचाना जाता है

  • राजनाथ सिंह ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था की तारीफ की
  • लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का हुआ उद्घाटन
  • INS गोमती बना वाटिका का प्रमुख आकर्षण
  • 19 करोड़ की लागत से चार साल में तैयार हुई परियोजना

लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की पहचान अब पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ के रूप में देखा जाता था और निवेशक यहां आने से घबराते थे, लेकिन आज प्रदेश विकास, सुरक्षा और निवेश के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह बातें राजधानी लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका के उद्घाटन समारोह के दौरान कहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं ने वाटिका में स्थापित सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती का अवलोकन किया और नौसेना अधिकारियों से इसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली।

राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बेहतर सुरक्षा माहौल और प्रभावी प्रशासन के कारण आज निवेशकों का भरोसा उत्तर प्रदेश पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं के जरिए आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का नया उदाहरण पेश कर रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। आए दिन कर्फ्यू लगते थे और संगठित अपराधियों व माफियाओं का दबदबा था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराध और अराजकता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, जिससे प्रदेश में विकास और निवेश का वातावरण बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button