
- जौनपुर में दूल्हे की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर
- रवि यादव पर था 1 लाख रुपये का इनाम
- 1 मई को शादी वाले दिन हुई थी हत्या
जौनपुर। जौनपुर में शादी वाले दिन दूल्हे की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक लाख के इनामी आरोपी रवि यादव (28) को पुलिस ने रविवार तड़के एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार रवि यादव ने 1 मई को दूल्हे आजाद बिंद (21) की हत्या दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद के साथ मिलकर की थी। दोनों लव मैरिज के खिलाफ थे और इसी वजह से उन्होंने बारात रोककर दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जांच में सामने आया कि प्रदीप बिंद के दोस्त भोले राजभर ने दूल्हे की लोकेशन आरोपियों को दी थी। इसके बाद रवि यादव और प्रदीप ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के CCTV फुटेज में दोनों आरोपी दिखाई दिए थे।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने दूल्हे के पिता राम लखन बिंद की शिकायत पर रवि यादव, प्रदीप बिंद और भोले राजभर के खिलाफ केस दर्ज किया था। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
घायल SHO केके सिंह के मुताबिक, रविवार रात पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे निर्माणाधीन बाइपास की तरफ भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।









