नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर विभाग के अनुसार रात 2:35 बजे से 2:37 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली। आग तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर-1 स्थित इमारत की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी थी। देखते ही देखते आग और धुआं पूरी इमारत में फैल गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग पर करीब 3:45 बजे काबू पा लिया गया। रेस्क्यू के दौरान छत का गेट बंद मिलने पर दमकल कर्मियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। स्थानीय लोगों ने पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पीछे की ओर से साड़ियों और सुरक्षा ग्रिल काटकर कई लोगों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि इमारत में कुल नौ परिवार रहते हैं। घटना के समय करीब 20 से 22 लोग मौजूद थे। कुछ परिवार घर से बाहर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर विभाग के एडीओ यशवंत मीणा ने बताया कि आग में तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल जलकर राख हो गई। आग और धुआं ग्राउंड फ्लोर से पांचवीं मंजिल तक फैल गया, जिससे निचली मंजिलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा। संकरी गली में बनी इमारत होने के कारण राहत कार्य में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।









