लखनऊ लौटना महंगा: दीपावली से पहले फ्लाइट किराए में चार गुना उछाल

लखनऊ। दीपावली पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए सफर आसान नहीं होगा। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से लखनऊ आने वाली फ्लाइटों का किराया अभी से चार गुना तक बढ़ चुका है। आशंका है कि त्योहार नजदीक आते-आते यह सात से आठ गुना तक पहुंच सकता है।

18 अक्तूबर से बढ़ेगी भीड़

इस साल दीपावली 20 अक्तूबर को है। दिल्ली और मुंबई में रह रहे लखनऊवासी 18 अक्तूबर से लौटना शुरू करेंगे। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण लोग हवाई यात्रा की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन बढ़ा हुआ किराया उनकी जेब पर भारी पड़ रहा है।

दिल्ली से लखनऊ: अभी 7,200 तक, आगे 15,000 हो सकते हैं

नई दिल्ली से एयर इंडिया की एआई-2477 का किराया 4,747 रुपए, इंडिगो की डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-2258 का किराया 4,831 रुपए है। कुछ उड़ानों का किराया 7,200 रुपए तक पहुंच गया है, जबकि आम दिनों में यही टिकट 3,000-4,000 रुपए में मिलते थे। दीपावली से पहले यही टिकट 12-15 हजार रुपए तक जा सकता है।

मुंबई और बेंगलुरु से सबसे महंगा सफर

  • मुंबई से लखनऊ: एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स-1219 का किराया 16,241 रुपए, इंडिगो 6ई-5379 का किराया 18,399 रुपए। सामान्य दिनों में यही टिकट 5,000 रुपए में मिलते हैं।

  • बेंगलुरु से लखनऊ: एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स-1230 का किराया 17,930 रुपए, इंडिगो 6ई-451 का किराया 17,333 रुपए

रेलवे की सीटें फुल होने और एयरलाइंस की बढ़ती मांग का सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Back to top button