
अंबेडकर नगर के विकास भवन सभाकक्ष में शुक्रवार को ग्राम पंचायतों से जुड़े ऑडिट आपत्ति प्रकरणों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षों से लंबित वित्तीय मामलों की स्थिति की विस्तार से जांच की गई।
2010 से 2024 तक के ऑडिट मामलों की समीक्षा
डीडी पंचायत अरविंद जायसवाल और डीडी ऑडिट गणेश प्रखर दीप ने वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक के ऑडिट प्रस्तरों की समीक्षा की। इसमें कई पुराने मामलों का निस्तारण संतोषजनक नहीं पाया गया।
वसूली और आरसी जारी करने के निर्देश
समीक्षा में सामने आया कि कई ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले लंबित हैं। ऐसे मामलों में सन्निहित धनराशि की वसूली के लिए आरसी जारी करने और वसूली आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
अनुपालन आख्या जमा करने की समय सीमा तय
वर्ष 2019-20 से 2023-24 तक के सभी ऑडिट मामलों की अनुपालन आख्या जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समय सीमा का पालन अनिवार्य होगा।
लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी
बैठक में निर्णय लिया गया कि निर्धारित समय तक अनुपालन आख्या उपलब्ध न कराने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बैठक में डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी विश्वनाथ सिंह, लेखा परीक्षक, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









