लखनऊ एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन हंगामा

लगातार फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी

बोर्डिंग पास मिलने के बावजूद फ्लाइट कैंसिल

एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट, स्थिति काबू में

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस को लेकर यात्रियों का गुस्सा लगातार दूसरे दिन भी फूट पड़ा। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे इंडिगो के काउंटर पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट कैंसिल होने के बावजूद बोर्डिंग पास जारी किए जा रहे हैं, जिससे यात्री बेवजह परेशान हो रहे हैं।

ऑनलाइन बोर्डिंग पास मिला, एयरपोर्ट पहुंचे तो फ्लाइट निकली कैंसिल

यात्रियों का कहना है कि उन्होंने घर से ही ऑनलाइन बोर्डिंग पास निकाल लिया था। जब वे एयरपोर्ट पहुंचे और डिस्प्ले बोर्ड देखा, तो लगभग सभी उड़ानें कैंसिल दिखाई देने लगीं। यात्रियों का आरोप है कि अगर कैंसिलेशन की जानकारी ऑनलाइन पहले ही दे दी जाती, तो उन्हें एयरपोर्ट तक आने की मजबूरी न होती और समय के साथ-साथ पैसे की भी बर्बादी नहीं होती।

काउंटर पर नहीं मिला संतोषजनक जवाब, भड़के यात्री

यात्रियों का कहना है कि मिस-मैनेजमेंट के चलते कैंसिल हो चुकी फ्लाइट का भी बोर्डिंग पास दे दिया गया। जब वे इंडिगो काउंटर पर कर्मचारियों से स्थिति जानने पहुंचे, तो उन्हें न तो सही जानकारी मिली और न ही कोई स्पष्ट जवाब दिया गया।
यात्रियों का आरोप है कि जब वे रिफंड की मांग करते हैं, तो टिकट आगे की तारीख में शिफ्ट कराने की सलाह दी जाती है, लेकिन टिकट बढ़वाने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। इसी वजह से यात्रियों का गुस्सा भड़क गया और देखते ही देखते काउंटर पर हंगामा शुरू हो गया।

गुरुवार को भी हुआ था हंगामा

गौरतलब है कि गुरुवार को भी इंडिगो एयरलाइंस की कई फ्लाइटें रद्द होने और लेट होने के कारण यात्रियों ने जमकर हंगामा किया था। उस दिन भी यात्रियों ने काउंटर पर कर्मचारियों से जानकारी लेने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला था। दो दिन लगातार हंगामे से एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button