सहारनपुर में थार डिवाइडर से टकराई, तीन दोस्तों की मौत

दशहरे पर आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे पांच दोस्त, दो गंभीर घायल; हादसे में कार का अगला हिस्सा पिचका

  • सहारनपुर के बेलड़ा गोल चक्कर के पास तड़के चार बजे हादसा
  • आगरा से मसूरी जा रहे थे पांच दोस्त
  • साहिल तिवारी, राहुल सिंह और सक्षम गौतम की मौत

सहारनपुर। नागल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों दोस्त दशहरे पर आगरा से थार गाड़ी में सवार होकर मसूरी घूमने जा रहे थे। बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन दोस्तों की मौत, दो की हालत गंभीर

हादसे में साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) की मौत हो गई। वहीं, सचिन और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब चार बजे थार तेज रफ्तार में बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि गाड़ी पलटी हुई थी और उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े थे। गाड़ी की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई।

गाड़ी में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद थार में सवार दो युवक पुल के नीचे गिर गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। वहीं, कुछ लोग पुल के नीचे उतरकर घायल युवकों को ऊपर लेकर आए। इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

बेटों के शव देखकर बिलख पड़े पिता

हादसे की खबर मिलने पर राहुल सिंह और सक्षम गौतम के पिता पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। बेटों के शव देखकर दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं, साहिल तिवारी अपने घर का इकलौता बेटा था। उसके पिता बीएसएफ में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में बताई गई है। साहिल दिल्ली में अपनी मां और बहन के साथ रहता था। बेटे की मौत की खबर से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव देखकर दोनों बेसुध हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button