आगरा-दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बस और टैंकर की भिड़ंत, सात यात्री घायल

सिकंदरा क्षेत्र में होंडा शोरूम के पास हुआ हादसा, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में आगरा-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार को रोडवेज बस और पानी के टैंकर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें करीब सात यात्रियों को गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

आगे चल रहे टैंकर में जा भिड़ी बस

जानकारी के अनुसार ताज डिपो की रोडवेज बस आगरा से दिल्ली जा रही थी। सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे पर होंडा शोरूम के पास बस आगे चल रहे पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा।

करीब 35 यात्री थे सवार

हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

हादसे में करीब सात यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अन्य यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/flydubai-co-pilot-iran-trump-smit-machchhar/

जीवन ज्योति अस्पताल में कराया भर्ती

थाना प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button