
- मलिहाबाद में शराब ठेका सेल्समैन की हत्या
- शराब देने से मना करने पर हुआ विवाद
- आरोपी ने लोहे की रॉड से किया हमला
- बीच-बचाव करने वाला युवक भी घायल
- वारदात CCTV में कैद, आरोपी फरार
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ढे़डेमऊ गांव में सोमवार सुबह शराब ठेका के सेल्समैन की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि एक व्यक्ति ठेका खुलने से पहले शराब लेने पहुंचा था। सेल्समैन ने शराब देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में सेल्समैन अजय जायसवाल उर्फ रिंकू (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक रज्जन को भी आरोपी ने पीट दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घायल रज्जन का इलाज जारी है।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में आरोपी लोहे की रॉड से हमला करता दिखाई दे रहा है। वारदात के बाद आरोपी रॉड लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
मृतक अजय जायसवाल सैय्यद बाड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।









