संजय सिंह का भाजपा पर हमला, बोले- स्मार्ट मीटर से जनता की लूट जारी

शिक्षा, महिला सुरक्षा, किसानों की आत्महत्या और ED के दुरुपयोग को लेकर सरकार को घेरा

  • संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
  • स्मार्ट मीटर योजना को बताया जनता की लूट
  • पोस्टपेड स्मार्ट मीटर हटाने की मांग
  • शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर उठाए सवाल

Sanjay Singh ने लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना, शिक्षा व्यवस्था, महिला सुरक्षा, किसानों की आत्महत्या और केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर सरकार को घेरा।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी और जनता के आंदोलन के दबाव में सरकार को प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना वापस लेनी पड़ी, लेकिन पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के जरिए अभी भी जनता को लूटने का काम जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में लोग खुद स्मार्ट मीटर उखाड़कर फेंक रहे थे और महिलाओं ने भी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष के कारण सरकार को पीछे हटना पड़ा, लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। संजय सिंह ने कहा कि “मिल्खा सिंह से तेज भागने वाले” स्मार्ट मीटरों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हजारों स्कूल ऐसे हैं जहां केवल एक शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई स्कूलों में बिजली और लड़कियों के लिए शौचालय तक नहीं हैं। उनके मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है।

महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button