- अंबेडकरनगर के सभी माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू
- शिक्षकों और छात्रों की हाजिरी मोबाइल ऐप ‘UPMSP-Attendance’ से दर्ज होगी
- पहले पीरियड में ही प्रधानाचार्य को उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करनी होगी
अंबेडकरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
नवीन प्रणाली के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन ‘UPMSP-Attendance’ और परिषद की वेबसाइट (upmsp.edu.in) पर लिंक जारी किया गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य पहले पीरियड में मोबाइल एप या पोर्टल पर लॉगिन कर उपस्थिति दर्ज करेंगे।हाजिरी दर्ज करने की यह प्रक्रिया केवल विद्यालय परिसर के भीतर से ही संभव होगी।विद्यालयों को अपनी पुरानी लॉगिन आईडी और पासवर्ड से ही उपस्थिति पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।
अवकाश के लिए कारण बताना अनिवार्य
यदि कोई छात्र या शिक्षक अनुपस्थित रहता है, तो उसका अवकाश प्रकार और कारण भी पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
साथ ही, कक्षा 9 से 12 तक के सभी छात्रों को उनके संबंधित सेक्शन (A, B, C, D, E आदि) में दर्ज करना होगा ताकि उपस्थिति रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संग्रहित किया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण तिवारी ने बताया कि यह व्यवस्था छात्रों व शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, डाटा संकलन में पारदर्शिता और शैक्षणिक अनुशासन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य इस निर्देश का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की मंशानुसार शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हो सके।








