- अंबेडकरनगर में 46 परिषदीय विद्यालयों का विलय फाइनल
- एक किमी से अधिक दूरी वाले विलय अब रद्द
- ग्राम पंचायतों को विद्यालय विहीन होने से बचाया गया
अंबेडकरनगर। बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय विद्यालयों के विलय को लेकर दोबारा किए गए सर्वे के बाद अंतिम निर्णय जारी कर दिया है। ताजा आदेश में 46 विद्यालयों का विलय फाइनल किया गया है, जबकि कई विद्यालयों का पूर्व में हुआ समायोजन अब रद्द कर दिया गया है।
एक किमी से अधिक दूरी पर विलय पर रोक
शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार, ऐसे विद्यालय जिनमें 50 से कम छात्र हैं और जिनका विलय एक किमी से अधिक दूरी पर स्थित विद्यालयों में किया गया था, अब उनका विलय रद्द कर दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करने से बचाना है।
ग्राम पंचायतों को विद्यालय विहीन होने से बचाया गया
नए आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन ग्राम पंचायतों में केवल एक ही विद्यालय था, वहां विद्यालय का विलय नहीं किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा तक बच्चों की आसान पहुंच बनी रहेगी।
पूर्व में 286 विद्यालयों का हुआ था समायोजन
कम नामांकन और शिक्षक की कमी के चलते पूर्व में जिले के 286 विद्यालयों का विलय अन्य विद्यालयों में कर दिया गया था। इसके बाद शासन स्तर से इस व्यवस्था की मैपिंग कर समीक्षा की गई। सर्वे में पाया गया कि दूरस्थ गांवों से बच्चों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे उनकी उपस्थिति पर नकारात्मक असर पड़ रहा था।
नये सर्वे के बाद हुआ संशोधन
दोबारा हुए सर्वे के आधार पर अब 46 विद्यालयों का विलय बरकरार रखा गया है, जबकि शेष विद्यालय अपने मूल स्थान पर ही संचालित रहेंगे। इस फैसले से दूर-दराज के गांवों के छात्रों को नजदीक में ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा।








