लखनऊ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी

  • छठ महापर्व पर लखनऊ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी
  • RPF इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह और स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया
  • भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त स्टाफ और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई

लखनऊ। छठ महापर्व के मद्देनज़र रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को RPF इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह और स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अतिरिक्त सुरक्षा और समन्वय के इंतजाम
रेलवे प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त वायरलेस सेट और लाउडहेलर उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों की मदद से सुरक्षा बलों के बीच समन्वय और यात्रियों को आवश्यक सूचनाएं तुरंत दी जा सकेंगी।

प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए RPF और रेलवे स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है, ताकि भीड़भाड़ में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

स्टेशन डायरेक्टर बोले – यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने कहा कि रेलवे, RPF और GRP मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले। उन्होंने बताया कि त्योहारों के मौसम में ट्रेनों की संख्या और यात्री दबाव दोनों बढ़ जाते हैं, ऐसे में सुरक्षा और सुविधा दोनों मोर्चों पर रेलवे पूरी तरह सतर्क है।

Back to top button