लखनऊ में गोमती नदी से महिला और मासूम का शव मिलने से सनसनी

लेटे हुए हनुमान मंदिर के पास नदी में उतराते मिले शव, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप; हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच

लखनऊ। लखनऊ के चौक इलाके में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गोमती नदी में एक महिला और एक मासूम बच्चे के शव उतराते मिले। दोनों शव लेटे हुए हनुमान मंदिर के पास नदी में दिखाई दिए।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। महिला ने बुर्का और हरे रंग का सलवार सूट पहन रखा था। तलाशी के दौरान उसके बुर्के से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें देवर, सास और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर जान देने की बात लिखी गई है।

चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के अनुसार, महिला का शव जहां मिला, उससे करीब 100 मीटर दूर एक 6 साल के मासूम बच्चे का शव भी नदी में उतराता दिखाई दिया। बच्चे ने नीले रंग की जींस निकर और नीली टी-शर्ट पहन रखी थी। फिलहाल दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

रविवार रात करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को महिला का शव नदी में दिखाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान बच्चे का शव भी बरामद हुआ।

पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से कर रही है। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। वहीं शवों की पहचान कराने की कोशिश भी जारी है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button