कानपुर। घाटमपुर के गांधी नगर मोहल्ले में तालाब में डूबे 55 वर्षीय बुजुर्ग सत्यनारायण का शव सोमवार को करीब 36 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया। तालाब में खरपतवार और दलदल होने के कारण बचाव अभियान में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटना की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर में विवाद के बाद तालाब में कूदे
गांधी नगर मोहल्ला निवासी सत्यनारायण मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज होकर वह घर के पास स्थित तालाब में कूद गए। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी अनिल और दिनेश ने उन्हें तालाब से बाहर निकाल लिया।
दोबारा तालाब में कूदने से हुआ हादसा
बताया गया कि करीब दो घंटे बाद सत्यनारायण देर रात फिर तालाब में कूद गए। परिजनों ने शोर मचाया, लेकिन पड़ोसियों के पहुंचने तक वह तालाब के दलदल में डूब चुके थे। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
36 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
तालाब में खरपतवार और दलदल की वजह से शव को बाहर निकालने में कठिनाई हुई। नगर पालिका की ओर से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच की प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।









