
- सेंसेक्स 1200 अंक से ज्यादा तेजी के साथ 82,500 पर
- निफ्टी 25,000 के पार, 17 अक्टूबर के बाद पहली बार
- विदेशी और घरेलू निवेशकों ने भारी खरीदारी की
मुंबई। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई। सेंसेक्स 1,200 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ 82,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी भी करीब 400 अंकों की उछाल के साथ 25,000 के पार पहुंच गया है। यह पहली बार है जब 17 अक्टूबर के बाद निफ्टी-50 इस स्तर पर पहुंचा है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में तेजी, टाटा मोटर्स 4% चढ़ा
टाटा मोटर्स ने 4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की, वहीं अडाणी पोर्ट्स और टाटा स्टील 2 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे हैं। इंडसइंड बैंक ही एकमात्र शेयर है जो गिरावट में है।
निफ्टी के 50 में 49 शेयर चमके
निफ्टी के 50 शेयरों में से 49 में तेजी देखने को मिली। ऑटो इंडेक्स 1.8%, फाइनेंशियल सर्विसेज 1.1%, मीडिया, मेटल और रियल्टी सेक्टर्स में 1.6% तक की बढ़त रही।
तेजी के पीछे दो प्रमुख कारण
अप्रैल में रिटेल महंगाई दर गिरकर 3.16% पर पहुंच गई, जो जुलाई 2019 के बाद सबसे कम है। इससे उम्मीद बढ़ी है कि आरबीआई जल्द ही रेपो रेट में कटौती कर सकता है।
विदेशी और घरेलू निवेशकों ने भारी खरीदारी की है। मई में अब तक विदेशी निवेशकों ने ₹9,558 करोड़ और घरेलू निवेशकों ने ₹19,779 करोड़ की नेट खरीदारी की है।
एशियाई बाजारों में मिली-जुली चाल
जापान का निक्केई 1.11% गिरा, कोरिया, हांगकांग और चीन के शेयर भी दबाव में रहे। वहीं अमेरिका के बाजारों में नैस्डेक कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुआ।








